पेट्रोल के 20 रुपये बढ़ाकर घटाते है पांच रुपये: पुंडीर
देवबंद (सहारनपुर)। पूर्व विधायक शशिबाला पुंडीर ने कहा कि पेट्रोल की कीमतों में 20 रुपये बढ़ाते हैं तो पांच रुपये घटाते हैं और बाद में बयान देते हैं कि पेट्रोल की कीमतें हमारे हाथ में नहीं है। जनता अब भाजपा की केंद्र सरकार के झूठों वादों से वाकिफ हो चुकी है और चुनाव में इसका जवाब जरूर देगी।
जखवाला गांव में आयोजित सम्मान समारोह में शशिबाला पुंडीर ने कहा कि एक सिर के बदले 50 सिर लाने का दावा करने वाले प्रधानमंत्री, पाकिस्तान से चीनी और सीमेंट का आयात करने की बात कर रहे हैं। जिससे उनके झूठ की पोल खुल जाती है। आज देश और प्रदेश में अराजकता का माहौल बना हुआ है। जनता अपने आपको असुरक्षित महसूस कर रही है। कहा कि मोदी सरकार ने अटल जी की अंतिम यात्रा को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल किया, जिसका जवाब जनता आगामी चुनाव में देगी। कहा कि किसानों की हमदर्द होने का दावा करने वाली भाजपा सरकार ने अन्नदाता किसानों पर दिल्ली में लाठीचार्ज कराया। इससे पूर्व जखवाला के ग्रामीण देवी मंदिर से कार्यक्रम स्थल तक शशिबाला को बैंडबाजों के साथ लेकर गए। जहां उनको सम्मानित किया गया। इस मौके पर साहब सिंह, राकेश चौहान, राकेश भगत, राजपाल फौजी, सन्नी राणा, रणजीत सिंह, सिकंदर अली, आदेश त्यागी, नरेश चौधरी, जहांगीर चौधरी, ओमकार, अश्वनी, विनीत चौहान, अनंद पाल आदि मौजूद रहे।