हाईवे पर बाइक की टक्कर लगने से साइकिल सवार बालक घायल
देवबंद। सहारनपुर-मुजफ्फरनगर मार्ग स्थित मेघराजपुर गांव के पास बाइक की चपेट में आकर साइकिल सवार बालक गंभीर घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के लिए परिजनों ने सीएचसी में भर्ती कराया।
देवबंद की शेखुल हिंद कालोनी (खानकाह) निवासी मुनशेर का पुत्र तसलीम (12) मंगलवार को अपने एक साथी के साथ साइकिल से मेघराजपुर गांव की ओर जा रहा था। शाम करीब साढ़े चार बजे जब वह जामिया तिब्बिया मेडिकल कालेज से कुछ आगे पहुंचे तो तसलीम की साइकिल में सामने से आ रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में तसलीम गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। गंभीर घायल तसलीम को सीएचसी लाया गया। नाजुक हालत के चलते उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से गन्ने की फसल जली
देवबंद। चंदेना कोली गांव में हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से एक किसान की चार बीघा गन्ने की फसल जलकर राख हो गई। किसान सोमदत्त धीमान का सुहागनी गांव के रास्ते में खेत है। सोमदत्त के मुताबिक करीब पांच बीघा जमीन में उनसे गन्ने की फसल बो रखी है। खेतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार मंगलवार को अचानक टूटकर गिर पड़ा। इससे गन्ने की फसल में आग लग गई। सोमदत्त के पुत्र काला ने आरोप लगाया कि विद्युत निगम की लापरवाही के कारण उनके खेतों के ऊपर से गुजर रही जर्जर तार टूटकर गिर पड़ी। आग लगने पर गन्ने की फसल गई। इससे उनका भारी नुकसान हुआ है।