अब शिवालयों पर पहुंचने की होड़ में दौडे़ शिवभक्त
सहारनपुर। भगवान शंकर के जयकारों से वातावरण शिवमय बना हुआ है। कांवड़ियों के पांव में छाले पड़े हैं, लेकिन मन आस्था लेकर शिवभक्त शिवालयों की ओर तेजी से दौड़ रहे हैं। डाक कांवड़ लाने का सिलसिला शुरू हो गया है, जिसको लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा कड़ी कर दी है।
कांवड़ यात्रा अपने अंतिम पड़ाव पर है। बृहस्पतिवार को श्रावण मास की शिवरात्री धूमधाम से मनाई जाएगी। शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ेगा। मंगलवार से डाक कांवड़ लाने का सिलसिला शुरू हो गया। सीटी बजाते हुए कांवड़ियों की टोलियां शिवालयों की ओर दौड़ रही हैं। सहारनपुर और पड़ोसी जनपदों के शिवभक्त गंगाजल लेने हरिद्वार के लिए रवाना हो गए। अंबाला और देहरादून हाइवे रंग-बिरंगी लाइटों से जगमगा रहा है। रात में शिविरों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विभिन्न देवी-देवताओं की झांकियां देखने को सड़कों पर लोगों की भीड़ उमड़ रही है। भोले के भजनों पर शिव-पार्वती, राधा-कृष्ण, महाकाल, भैरव बाबा के रूप में कलाकार मनमोहन प्रस्तुति दे रहे हैं। सुबह से लेकर देर रात तक सड़कों पर कांविड़यों का सैलाब उमड़ रहा है।
उधर, डाक कांवड़ शुरू होने के साथ पुलिस-प्रशासन ने भी सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त कर दिए हैं। डांक कांवड़ियों को आसानी से उनके गंतव्य की ओर निकालने के लिए नकुड़ तिराहा, कल्पना तिराहा, घंटाघर, देहरादून चौक, जनकपुरी चौक, जेल चुंगी तिराहे पर भारी पुलिस बल के साथ नागरिक सुरक्षा और ट्रैफिक वार्डनों को लगाया गया है।
सोशल मीडिया पर शिवभक्ति की धूम
सहारनपुर। सोशल मीडिया पर भी शिवभक्ति की धूम है। कांवड़िये सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर अपनी फोटो अपलोड कर रहे हैं। इसके साथ ही शिविरों में भजनों पर हो रहे नृत्य के वीडियो भी वायरल हो रहे हैं। मंगलवार को अधिकांश कांवड़िए सेल्फी लेते नजर आए। कांवड़ियों में भगवान भोलेनाथ की भक्ति के साथ देश भक्ति का जज्बा भी नजर आ रहा हैं। अधिकांश कांवड़िए तिरंगा लेकर चल रहे हैं।
ईसाई समुदाय के लोगों ने की सेवा
सहारनपुर। कांवड़ शिविरों में हर धर्म के लोग सेवा कर रहे हैं। मुस्लिम, सिख और ईसाई समाज के लोग शिवभक्तों की सेवा कर रहे हैं। कुतुबशेर चौक पर लगे शिविर में मुस्लिम समाज के लोगों ने कांवड़ियों को फल वितरित किए। देहरादून चौक पर लगे शिविर में ईसाई समाज से सिस्टर एलसी, सिस्टर आईबी, जोनथर, आनंद भाटिया ने शिवभक्तों की सेवा की।