गागलहेड़ी (सहारनपुर)। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अब तक लगभग तीन लाख सत्तर हजार कांवड़िये अपने अपने गंतव्य को प्रस्थान कर चुके हैं। भारी भीड़ के चलते प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त कर दिए हैं। प्रशासन के लिए सबसे बड़ी चुनौती डाक कांवड़ है।
थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अब तक लगभग तीन लाख सत्तर हजार शिव भक्त हरिद्वार से पवित्र गंगा जल लेकर अपने अपने गंतव्य को प्रस्थान कर चुके हैं। काली नदी चेक पोस्ट से लेकर गागलहेड़ी मार्ग तक पूरा कांवड़ मार्ग शिवमय बना है। पूरे मार्ग पर शिवभक्तों की कतार लगी है। शिव भक्तों की भारी भीड़ के चलते प्रशासन ने सुरक्षा के और कड़े बंदोबस्त कर दिए हैं। वहीं आज से डाक कांवड़ वाले शिव भक्तों में हरिद्वार से गंगा जल लेकर समय से अपने अपने स्थान पर पहुंचने की होड़ लगी हुई है, जो प्रशासन के लिये कड़ी चुनौती बनी है। इसके लिये प्रशासन के आला अधिकारी लगातार रोड पर गश्त के साथ ही गागलहेड़ी से लेकर नोगजा पीर तक डेरा डाले हैं।