छुटमलपुर (सहारनपुर)। उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि केंद्र सरकार का कार्यकाल फ्लाप शो साबित हुआ है। भाजपा सरकार जीएसटी डे मना रही है और देश का व्यापारी आत्महत्या कर रहा है। कहा कि एनडीए के घटक दल एक-एक कर भाजपा का साथ छोड़ रहे हैं। लोकसभा चुनाव में भाजपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा।
शनिवार की रात छुटमलपुर में उत्तराखंड अल्पसंख्यक कल्याण तथा वक्फ विकास निगम के पूर्व निदेशक मो. मुजतबा के आवास पर पत्रकारों से बातचीत में हरीश रावत ने कहा कि मोदी जी बताएं कि जो उद्योगपति देश का पैसा लेकर विदेश भाग गए हैं, उन्हें वापस कब लाया जा रहा है। कहा कि महंगाई आसमान छू रही है और युवा रोजगार के लिए तरस रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा से देश को बचाने के लिए महा गठबंधन या तीसरा मोरचे का गठन किया जाना प्रस्तावित है। आरोप लगाया कि उत्तराखंड सरकार जन सरोकारों से दूर होती जा रही है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत द्वारा शिक्षिका के साथ किया गया व्यवहार निंदनीय है। उसे किसी भी तरह संसदीय परंपरा का पालन नहीं कहा सकता है। इससे पूर्व यहां पहुंचने पर पूर्व मुख्यमंत्री का समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान प्रधान नासिर अली, चौ मनोज, चौ बबलू, डा चंद्रपाल सैनी, सुबोध कुमार, अरशद मलिक, इफ्तखार, मोनू, उस्मान मलिक, भूरा, महबूब, बाबू, जमील अहमद, प्रवीण ठेकेदार, राव यूसुफ, अरविंद कांबोज, प्रवेज मलिक, जसबीर रावत आदि रहे।