देवबंद (सहारनपुर)। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म और परिसर में किए जा रहे फर्श के निर्माण में गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए युवा पंजाबी क्लब ने रोष व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री, रेलमंत्री व रेल अधिकारियों को पत्र भेजकर निर्माण कार्य में बरती जा रही धांधली व भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मंगलवार को रेलवे रोड स्थित क्लब कार्यालय पर आयोजित बैठक में विशेष सलाहकार सरदार बालेंद्र सिंह ने कहा कि लाखों रुपये की लागत से रेलवे स्टेशन पर बेतरतीब ढंग से फर्श लगाकर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। जनता को धोखा दिया जा रहा है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। क्लब अध्यक्ष गुरजोत सिंह सेठी ने कहा कि रेलवे स्टेशन पर फर्श के निर्माण में बरती जा रही अनियमितता और उस पर रेलवे अधिकारियों की चुप्पी भ्रष्टाचार को उजागर कर रही है। कहा कि एक साल पूर्व भी रेलवे महाप्रबंधक के आने से पूर्व रातों रात प्लेटफार्म पर लगाई गई टाइल्स कुछ ही दिन बाद टूटनी आरंभ हो गई थी, जो अब खस्ताहाल है। इससे कई रेल यात्री गिरकर घायल भी हो चुके हैं। बैठक में टिंकू चड्ढा, गुरविंद्र सिंह, सुमित भारती, राजेश छाबड़ा, विजय गिरधर, गगन गिरधर, राजन छाबड़ा, विकास अरोड़ा, राजपाल नारंग और अमित भारती आदि मौजूद रहे।