चिलकाना (सहारनपुर)। स्वच्छ भारत मिशन स्वच्छ सर्वेक्षण- 2018 की सफलता के लिए नगर पंचायत के तत्वावधान में छात्रों और गणमान्य लोगों द्वारा रैली निकाली गई।
बुधवार को स्वच्छता जागरूकता रैली का शुभारंभ चेयरमैन अकबर कुरैशी, ईओ आलोक कुमार और जिला कार्य क्रम प्रबंधक रविश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली को संबोधित करते हुए चेयरमैन अकबर कुरैशी ने कहा के अपने कस्बे में साफ और स्वच्छ रहना हर नागरिक का दायित्व है। कस्बे में इस मिशन की सफलता सफाई के प्रति लोगों की जागरूकता से ही हो सकती है। अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार और डीपीएम रविश कुमार ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में बाहर से आने वाली टीम लोगों से स्वच्छता से संबंधित कुछ प्रश्न पूछेगी। लोगों के जवाब से ही कस्बे को स्वच्छता ग्रेड मिलेगा। उन्होंने कहा कस्बे में गीले और सूखे कूड़े डालने के लिए नीले और हरे रंग के डिब्बे रखे जाएंगे। सभासद राजीव सिंहल, धूम सिंह, कुरबान, तनवीर, अहसान अहमद, जयपाल, प्रताप सैनी, रिफाकत, प्रधानाचार्य श्याम कुमार सैनी आदि ने भी लोगों को स्वच्छता सर्वेक्षण में सहयोग की अपील की।
डॉ. राजेंद्र प्रसाद स्मारक जूनियर हाईस्कूल और नव जनोदय इंटर कॉलेज के छात्रों द्वारा निकाली गई रैली में कस्बे के चेयरमैन सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल रहे। रैली सुल्तानपुर से चिलकाना, बस स्टैंड, मेन बाजार, सुरैया गेट होती हुई नगर पंचायत कार्यालय पर सम्पन्न हुई।