अनियंत्रित कार पेड़ से टकराकर खाई में गिरी, एक की मौत
सहारनपुर। तेज गति से जा रही कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई और पास ही स्थित खाई में जा गिरी। इससे कार में सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया।
गंगोह के मोहल्ला कानून गोयान निवासी सनी सहगल ( 32) पुत्र अर्जुन सिंह और विशाल शर्मा (30) सोमवार शाम किसी काम से कार में सहारनपुर आए थे। रात लगभग साढ़े दस बजे काम खत्म कर वे घर लौट रहे थे। जब वे कुम्हारहेड़ा के पास पहुंचे तो तेज गति के कारण कार अचानक अनियंत्रित हो गई और एक पेड़ में टकरा गई। इससे कार पास की खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार सन्नी और विशाल गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज आवाज के साथ कार के खाई में पलटने की आवाज सुनकर लोग घटनास्थल की ओर दौड़े और कार में फंसे दोनों युवकों को बाहर निकाला। लेकिन तब तक सन्नी की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही कुतुबशेर पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
- फर्जी नंबर प्लेट के साथ एक गिरफ्तार
सहारनपुर। मंडी कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। बाइक चोरी की होने की आशंका जताई जा रही है। मंडी कोतवाली पुलिस सोमवार की शाम को चेकिंग के दौरान भूतेश्वर मंदिर से आदिल निवासी जाटोवाला, थाना सहसपुर, देहरादून को एक बाइक सहित गिरफ्तार किया गया। जांच कराने पर नंबर फर्जी पाया गया। इस पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उधर, कुतुबशेर पुलिस ने फिरोज निवासी इंद्रा चौक को पांच लीटर अवैध शराब सहित गिरफ्तार कर लिया गया है।