एसडीए ने सील की 15 दुकानें
सहारनपुर। शहर में अवैध निर्माण रुकने का नाम नहीं ले रहा है। विकास प्राधिकरण की टीम ने बुधवार को थाना मंडी क्षेत्र के रानी बाजार क्षेत्र में बिना मानचित्र पास कराए बनाई गई 15 दुकानों को सील किया।
विकास प्राधिकरण को रानी बाजार क्षेत्र में 15 दुकानें अवैध रूप से बनाने की शिकायत मिली थी। इसके बाद प्राधिकरण ने दुकानों का निर्माण कराने वाले संचित नाम के व्यक्ति को मानचित्र पास कराने के लिए नोटिस जारी किया था, मगर नोटिस का कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद प्राधिकरण की टीम ने बुधवार को पुलिस को साथ लेकर दुकानों को सील करा दिया। प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि यदि दुकान स्वामी मानचित्र पास नहीं कराता है तो या तो दुकानों को हमेशा के लिए सील कर दिया जाएगा या फिर ध्वस्त कराया जाएगा। हैरत की बात यह है कि प्राधिकरण की कार्रवाइयों के बाद भी लोग अवैध निर्माण करने और अवैध रूप से कालोनियां काटने से बाज नहीं आ रहे हैं।