दबे-कुचले लोगों का उत्थान करना था पंडित जी का लक्ष्य
सहारनपुर। सरसावा ब्लॉक परिसर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन पर आयोजित मेले एवं गोष्ठी का समापन किया गया।
इस मौके पर एडीओ पंचायत यशपाल सिंह ने कहा कि गत शताब्दी में भारत के राजनीतिक जीवन को प्रभावित करने वालों में मुख्य रूप से तीन नाम हम ले सकते हैं। इनमें महात्मा गांधी, राम मनोहर लोहिया और पंडित दीन दयाल उपाध्याय हैं। तीनों महापुरुषों ने इस बात पर बल दिया कि भारत का आर्थिक विकास समाज के आखिरी छोर पर बैठे व्यक्ति को आधार मानकर होना चाहिए। सहायक निदेशक सूचना अवधेश कुमार ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने कहा था कि दबे-कुचले लोगों को संपन्न बनाना हमारा लक्ष्य है। उनका मानना था कि गरीबों को रोटी देने के बजाए उनको रोटी पैदा करने की ताकत दी जाए। मेले में कृषि विभाग द्वारा लगाई प्रदर्शनी में किसानों को आधुनिक खेती के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान कृषि विभाग से विपुल कुमार, स्वास्थ्य विभाग डा. प्रदीप सिंह, बाल विकास परियोजना के सीडीपीओ आशा रानी, आंगनबाड़ी शशि प्रभा, शिव चरण, पंकज कुमार आदि मौजूद रहे।