सहारनपुर। देहात कोतवाली के बेहट रोड पर कार की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
देहात कोतवाली के बेहट रोड स्थित ग्राम नागराजपुर निवासी दिनेश कुमार (38 वर्ष) बृहस्पतिवार को सुबह लगभग 9 बजे अपने साथी गांव के ही मुकेश के साथ बाइक पर सवार होकर सहारनपुर आ रहा था। जब वे ग्राम देवला के निकट पहुंचे तभी सामने से तेज गति से आ रही कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी की बाइक के परखच्चे उड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने दिनेश को मृत घोषित कर दिया। जबकि पुलिस ने कार चालक ग्राम मानकमऊ निवासी शहबाज को गिरफ्तार कर लिया है।
ट्रेन की चपेट में आकर युवक की मौत
सहारनपुर। थाना कुतुबशेर क्षेत्र में अंबाला रोड के निकट स्थित रेलवे ट्रैक के पास ट्रेन की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई। युवक के कान में लीड लगी हुई थी। जबकि उसका मोबाइल गायब था। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
बुधवार की रात में किसी समय एक युवक रेलवे ट्रैक पर घूमते समय ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। सुबह लोगों ने इसकी सूचना कुतुबशेर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की तलाशी ली। लेकिन मृतक के पास से कुछ नहीं मिल सका। उसके कान में मोबाइल की लीड लगी हुई थी, जबकि मोबाइल का कुछ भी पता नहीं चल सका। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि युवक बुधवार की रात को गुघाल मेले में घूमता हुआ देखा गया था।
रेलवे स्टेशन पर मारपीट
सहारनपुर। सवारियां बैठाने को लेकर रेलवे स्टेशन पर दो ई-रिक्शा चालकों में मारपीट हो गई। एक ने आरोप लगाया कि दूसरे ई-रिक्शा चालक ने उसकी सवारियों को जबरन अपने रिक्शे में बैठा लिया है। जबकि सवारियां वह लेकर आया था। इस पर दोनों में जमकर मारपीट हुई। सूचना पर पहुंची रेलवे पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। बाद में समझौता होने के बाद दोनों को छोड़ दिया गया।