सहारनपुर। विश्व परिवार दिवस पर आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) की सभी शाखाओं से जुड़े करीब 5000 लोग अपने घरों में सहभोज करेंगे। इसके पश्चात देश की संस्कृति एवं परंपरा पर आधा घंटे चर्चा की जाएगी।
यह कार्यक्रम संघ की तरफ से कुटुम्ब प्रबोधन गतिविधि के तहत होगा। विभाग कुटुम्ब प्रबोधन प्रमुख रमेशचंद जैन ने बताया कि कोरोना कर्फ्यू और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए शाखा के परिवार अपने घरों पर रात में आठ बजे सहभोज करेंगे। इसके पश्चात भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के बारे में परिवार के सदस्यों से चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि संघ की परंपरा के अनुसार शाखा स्तर पर समय समय पर सहभोज कार्यक्रमों का आयोजन होता रहा है। शाखाओं को मिलाकर सहभोज कराने की भी परंपरा पुरानी है।
विभाग प्रचारक प्रवीर ने कहा है कि परिवार व्यवस्था विश्व को भारत की अनुपम देन है। भारत के अतिरिक्त विश्व के किसी देश में ऐसी पारिवारिक व्यवस्था ध्यान में नहीं आती है। परिवार को जितना अधिक संस्कारी, समृद्ध बनाएंगे, जीवन की सभी रचना उतनी ही सुंदर व व्यवस्थित बन जाएंगी।