रोजाना 500 चालान, फिर भी नहीं सुधर रहे श्रीमान...
सहारनपुर। यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने और हादसों को रोकने के मकसद से सरकार ने जुर्माना बढ़ाकर नए नियम तो लागू कर दिए, मगर शहर में अब भी पुराने सिस्टम से ही चालान काटे जा रहे हैं। अनलॉक पीरियड में भी रोजाना 350 से 550 वाहनों के चालान कट रहे हैं। इनमें 90 फीसदी से अधिक ई-चालान शामिल हैं। वहीं, कोरोना संक्रमण के बीच मास्क न लगाने वालों के भी चालान काटे जा रहे हैं। तमाम प्रयासों के बावजूद लापरवाही की हद यह है कि हेलमेट साथ लेकर चलने पर भी उसे लगाया नहीं जा रहा है। बृहस्पतिवार को अमर उजाला की टीम ने स्थिति जानने की कोशिश की तो ऐसे ही हालात सामने आए। प्रस्तुत है रिपोर्ट...।
मास्क तो लगा लिया, हेलमेट कहां है तुम्हारा
दोपहर 12.30 बजे - घंटाघर चौक पर ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी और सहयोगी होमगार्ड यातायात नियम तोड़ने वालों के चालान काटने और उन्हें चेतावनी देने में लगे हुए थे। इसी दौरान दो स्कूटी सवार तेजी से निकलने लगे तो यातायातकर्मी ने झट से मोबाइल से एक युवक की फोटो खींच ली। फिर कहा- मास्क तो लगा लिया, हेलमेट कहां है तुम्हारा। एक युवक ने अनुरोध किया कि छोड़ दो तो जवाब मिला-आराम से जाओ, चालान तो अब घर पहुंच जाएगा।
चालान कटते ही याद आ गया हेलमेट
दोपहर 12.32 बजे - घंटाघर चौक पर ही स्कूटी सवारों की चेकिंग के समय यातायात कर्मचारी तब हैरान रह गया जब एक शख्स ने चालान कटने के बाद कहा कि उसके पास तो हेलमेट था, मगर पहना नहीं था। चालान कटते ही उसे हेलमेट याद आ गया और उसे लगा लिया। तब उससे कर्मचारी बोला- अब आप जाओ, अब तो घर पर ही जाकर लगा लेना हेलमेट।
नया जुर्माना लगेगा तो नानी याद आ जाएगी
दोपहर 01.10 बजे - किशनपुरा पुलिस चौकी के सामने एक युवक तेजी से बिना हेलमेट लगाए निकलने लगा तो यातायातकर्मी पीछे दौड़ा और फोटो खींच लिया। इतने में ही युवक ने पीछे मुड़कर देखा तो कर्मचारी ने उससे कहा, सुधर जा बच्चे, अब दोगुना जुर्माना लगेगा। नया जुर्माना लगेगा तो नानी याद आ जाएगी।
नई बाइक पर दौड़ रहे हो, कितनी उम्र है तुम्हारी
शाम चार बजे - विश्वकर्मा चौक पर चेकिंग कर रहे यातायात कर्मचारियों ने एक बाइक सवार को रोक लिया। एक कर्मचारी उससे बोला- नई बाइक पर दौड़ रहे हो, कितनी उम्र है तुम्हारी। बाइक सवार कुछ नहीं बोला। फिर कहा, कंपनी की गाड़ी डिलीवर करनी है तो उसे चेतावनी देते हुए कर्मचारी बोले, कंपनी वालों से कहना वो हेलमेट तो दे दिया करें।
इस चौक से गुजरने वालों को नहीं हुई मुश्किल
शाम साढ़े चार बजे - सदर थाने के पास वाले चौक पर कुछ देर दो होमगार्ड नजर आए और बाद में वे भी चले गए। इसके चलते यहां काफी देर तक चौक खाली रहा। दुपहिया और चौपहिया सवार बेझिझक बिना हेलमेट और मास्क निकलते रहे।
लॉकडाउन से अब तक पांच करोड़ जुर्माना
कोरोना संक्रमण काल में लॉकडाउन से अब तक जिले में दुपहिया और चौपहिया वाहन चालकों पर करीब पांच करोड़ रुपये का जुर्माना लग चुका है। मगर इसके बावजूद अधिकतर लोग नहीं सुधरे हैं। पुलिस ने जिले में इस बीच 180706 वाहनों की चेकिंग कर 50586 का चालान किया। इनमें 1796 वाहन सीज किए और करीब पांच करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला।
रोजाना इस तरह काटे जा रहे चालान
यातायात नियमों के उल्लंघन पर कुल चालान - 350 से 500
मास्क न लगाने पर काटे गए चालान -- 150 से 200
बिना हेलमेट वालों के चालान -- 150 से 200 चालान
डीएल, आरसी आदि दस्तावेज न होने पर -- 100 से 150 चालान
ट्रिपल राइडिंग, तेज गति और ड्रिंकिंग में चालान - 100 से 150 चालान
जुर्माना बढ़ेेगा तो सुधरना ही पड़ेगा
नए नियमों के तहत जल्द ही चालान काटे जाएंगे। इसमें बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, बिना डीएल सहित अन्य उल्लंघन पर पहले से दोगुना जुर्माने की व्यवस्था कर दी गई है। बार-बार गलती पर यह जुर्माना और बढ़ेगा। शमन शुल्क बढ़ेगा तो सुधरना तो पड़ेगा, नहीं तो जेब ढीली होगी। इसलिए बेहतर है कि लोग खुद ही सुधर जाएं।
- विनीत भटनागर, एसपी सिटी
सहारनपुर के घंटाघर स्कूटी सवार का ईचालान करता यातायात कर्मी- फोटो : SAHARANPUR
हारनपुर के विश्व कर्मा चौक पर नयी गाड़ी का बिना हेलमेट के चालान करते यातायात कर्मी- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर के घंटाघर स्कूटी सवार का ईचालान करता यातायात कर्मी और चालान के बाद स्कूटी में से निकाल क- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर के घंटाघर स्कूटी सवार का ईचालान करता यातायात कर्मी- फोटो : SAHARANPUR