सहारनपुर। दोपहर तक मौसम का मिजाज गरम रहा। तेज धूप निकली और लू भी चलती रही, लेकिन शाम होते मौसम ने करवट बदली और आंधी के साथ काले बादल आसमान छा गए। कुछ देर बाद ही झमाझम बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। वहीं, गेहूं और आम की फसल को भारी नुकसान हुआ है।
बृहस्पतिवार की सुबह से तेज धूप ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए। आसमान पर पूरे दिन धूप के साथ धूल का गुबार छाया रहा। दोपहर तीन बजे के बाद आसमान पर बादल छाने शुरू हो गए। देखते ही शाम छह बजे तेज आंधी चलने के साथ आसमान पर काले बादल छा गए और थोड़ी देर बाद बिजली की गड़गड़ाहट के साथ झमाझम बारिश हो गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। तेज हवाएं चलने की वजह से कई जगहों होर्डिंग्स और पेड़ गिर गए। इसके साथ शाम छह बजे से देर रात कि कई इलाकों में बत्ती गुल हो गई। इस कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
उधर, आंधी और बारिश से गेहूं आम की फसल नुकसान हुआ है। क्योंकि, खेतों गेहूं की कटाई चल रही है, जिस कारण बारिश से फसल खराब हो गई। इसके साथ ही आम का बौर भी झड़ गया। गांव टोपरी निवासी मोहित ने बताया कि उनके गांव और आसपास के इलाके में गेहूं की फसल को क्षति पहुंची है। रामपुर मनिहारान क्षेत्र के गांव जंधेड़ा निवासी रामपाल ने बताया कि बेमौसम बारिश से गेहूं और आम की फसल खराब हो गई। बागों में कच्चे आम टूटकर गिर गए।