सहारनपुर। बसपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी शमसुद्दीन राईन ने कहा कि देश में दो झूठों की सरकार चल रही है। भाजपा ने गुर्जर समाज को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया, जबकि बसपा ने गुर्जर समाज को हमेशा सम्मान देने का कार्य किया है। भाजपा को जवाब देने के लिए समाज के एक एक व्यक्ति को गठबंधन का साथ देना है।
रविवार को दिल्ली रोड स्थित एक बैंक्वेट हाल में आयोजित बसपा गुर्जर भाईचारा सम्मेलन में शमसुद्दीन राईन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व में लोकसभा चुनाव से पहले सपना दिखाया था कि अच्छे दिन आने वाले हैं, भ्रष्टाचार मिटेगा, नौजवानों को दो करोड़ नौकरियां मिलेंगी, लेकिन एक भी वायदा पूरा नहीं हुआ। कहा कि केंद्र में पांच साल सरकार रहने के बावजूद गुर्जर समाज को कैबिनेट में शामिल नहीं किया। जब यूपी में विधानसभा चुनाव की बात आई, तो गुर्जर समाज के साथ साथ हर समाज से झूठ बोला कि उनका मुख्यमंत्री होगा। जब चुनाव हो गया, तो गुर्जर समाज को कुछ नहीं मिला। उन्होंने कहा कि बसपा ने हमेशा ही गुर्जर समाज को सम्मान देने का काम किया। जब प्रदेश में बसपा की सरकार थी, तो गुर्जर समाज से कैबिनेट मंत्री थे और समाज का पूरा सम्मान था। मौजूदा चुनाव में भी बसपा ने गुर्जर समाज को सबसे ज्यादा टिकट दिए हैं। उन्होंने सात अप्रैल को देवबंद में होने वाली गठबंधन की साझा रैली को सफल बनाने का आह्वान किया।
गठबंधन के प्रत्याशी हाजी फजलुर्रहमान ने कहा कि जनता को गुमराह करने वाली भाजपा को जवाब देने का समय आ गया है। यह सर्वसमाज की जिम्मेदारी है कि वह गठबंधन को मजबूत करें। इस दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी नरेश गौतम, राजकुमार गौतम, मंडल प्रभारी जनेश्वर प्रसाद, राजकुमार, प्रेमचंद गौतम, पूर्व विधायक रविंद्र मोल्हू, सपा जिलाध्यक्ष चौधरी रुद्रसैन, रालोद प्रदेश उपाध्यक्ष हाजी सलीम, नवीन खटाना ने भी विचार रखे। कार्यक्रम संयोजक महिपाल सिंह माजरा रहे। इस दौरान चौधरी विनोद पंवार, सेठपाल गुर्जर, प्रभुदयाल, जसबीर प्रधान, विश्वदयाल छोटन, चौधरी अबू बकर, अमित गुर्जर आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे। संचालन पूर्व विधायक जगपाल सिंह ने किया।