गो संरक्षण केंद्र का शिलान्यास किया
सहारनपुर। नकुड़ तहसील के गांव खानपुर अफगान में वृहद गो संरक्षण केंद्र का शिलान्यास किया गया। यहां खुले में घूमने वाले गोवंश को आश्रय दिया जाएगा।
बृहस्पतिवार को गांव खानपुर अफगान में जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय, भाजपा विधायक प्रदीप चौधरी और मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी वाईपी सिंह ने विधिवत पूजन के बाद गो-संरक्षण केंद्र का शिलान्यास किया। जिलाधिकारी ने कहा कि गाय हमारी संस्कृति में सबसे पहले पूजनीय है। गाय के गोबर और मूत्र से खाद और औषधि तैयार कर अच्छी आय प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने प्रत्येक घर-घर में एक-एक गाय पालने की अपील की। इसके साथ ही पांच माह में संबंधित अधिकारियों को गो-संरक्षण केंद्र का कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
विधायक प्रदीप चौधरी ने कहा कि हिंदू संस्कृति में गाय का सर्वोच्च स्थान है। गाय की रक्षा करना हम सबका धर्म है। वृहद गो-संरक्षण केंद्र में खुले में घूमने वाले गोवंश को आश्रय दिया जाएगा। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी वाईपी सिंह ने कहा कि गोवंश को आश्रय देने के लिए गो-संरक्षण केंद्र मील का पत्थर साबित होगा। भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेंद्र कश्यप और चौधरी नक्षत्रपाल सिंह ने भी विचार रखे।
इस दौरान विहिप जिला अध्यक्ष मांगेराम, दिनेश प्रमुख, डाक्टर यशपाल, डाक्टर यतेंद्र, डाक्टर वीके सिंह, डाक्टर सुभाष, प्रमोद सैनी, प्रमाद सुनिल तोमर, अनुज, योगेश, ओमपाल पांचाल, जिले सिंह, सत्यपाल पप्पू, राजेश कुमार, बिजेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।