सहारनपुर। अब व्यापारियों को दुकानों की सफाई कर कचरा सड़क पर फैलाना महंगा पड़ेगा। स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारी में लगे नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि दुकानों में व्यापारियों को कूड़ेदान रखना होगा। जिस दुकान में कूड़ेदान नहीं रखा जाएगा, उसका चालान काटकर 500 रुपये तक जुर्माना वसूला जाएगा। हालांकि ऐसी कार्रवाई करने से पहले नगर निगम व्यापारी संगठनों के नेताओं के साथ बैठक करेगा।
स्वच्छता सर्वेक्षण 2019 में रैंक सुधारने के लिए नगर निगम इन दिनों तैयारियों में जुटा है। शहर में सफाई व्यवस्था पर ध्यान देने के साथ ही गंदगी फैलाने वालों पर भी नजर रखी जा रही है। नगर निगम के अनुसार शहर के तमाम बाजारों में नगर निगम के सफाईकर्मी सुबह सात से आठ बजे सफाई करते हैं, मगर दस से 11 बजे तक दुकानदार दुकानों का कूड़ा बाहर सड़कों पर फैला रहे हैं। नगर निगम दुकानदारों को रात के समय दुकानों की सफाई कर कचरा दुकानों के बाहर रखने या फिर दुकानों में कूड़ादान रखने को कह चुका है, जिससे कचरा सड़कों पर ना फैले। कई बार कचरा फैलाने पर चालान काटने की चेतावनी भी जारी की गई, मगर इसके बावजूद दुकानदार आज तक कूड़ादान नहीं खरीद सके हैं। ऐसे में नगर निगम ने सड़कों पर कूड़ा फैलाने वाले दुकानदारों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को हसनपुर में कचरा सड़कों पर डालने वाले दुकानदारों के चालान काटे गए थे, जिनसे 4600 रुपये जुर्माना भी वसूला गया था। अब नगर निगम शहर के तमाम बाजारों में अभियान चलाकर दुकानदारों के चालान काटते हुए जुर्माना वसूलेगा। साथ ही जिस दुकान में कूड़ादान यानी डस्टविन नहीं मिलेगा उससे 500 रुपये का जुुर्माना वसूला जाएगा। मगर उससे पहले शहर के सभी व्यापारी संगठनों के नेताओं के साथ बैठक कर उन्हें इससे अवगत कराएगा।
नगर निगम अनेक बार दुकानदारों को कूड़ादान खरीदने और दुकानों का कचरा उसी में रखने को कह चुका है। सड़कों पर कूड़ा फैलाने पर चालान काटने और जुर्माना वसूलने की चेतावनी दी गई हैं, मगर कोई असर दुकानदारों पर नहीं हुआ है। हमने अभियान शुरू कर दिया है, जिसमें कचरा फैलाने वाले दुकानदारों के चालान काटे जा रहे हैं। हमारी टीमें जाकर देखेंगी, जिस दुकान में कूड़ादान नहीं रखा होगा उससे 500 रुपये जुर्माना वसूला जाएगा।
- डॉ. गीताराम, नगर स्वास्थ्य अधिकारी।