बड़गांव। शिमलाना गांव में बुखार के कहर के मद्देनजर सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर 173 रोगियों को दवाई वितरित करते हुए 23 की रक्त पट्टिकाएं बनाई। उधर, पूर्व विधायक शशिबाला पुंडीर ने भी अधिकारियों से गांव में एंटी लार्वा दवाई के छिड़काव की मांग की।
सोमवार को शिमलाना गांव में बड़गांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डा अनुज चौहान के नेतृत्व में पहुंची टीम ने गांव स्थित प्राइमरी स्कूल प्रांगण में कैंप लगाकर बुखार से पीड़ित 173 रोगियों की जांच कर दवा वितरित की। जबकि 23 के रक्त के नमूने लिए। उधर, सोमवार को भी बड़गांव निवासी पिंटू पुत्र शेरू को तेज बुखार के चलते पहले देहरादून जौली ग्रांट में भर्ती कराया गया था। जब वहां उसका बुखार कंट्रोल नहीं हुआ तो परिवार के सदस्य ने उसे हरियाणा के मुलाना अस्पताल ले गए। इसी गांव निवासी दुष्यंत पुत्र साहब सिंह को भी तेज बुखार के चलते सहारनपुर प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तेज बुखार के कारण चंदपुर निवासी शुभम, धर्मेंद्र तथा भागवंती को देवबंद के निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया है।