सहारनपुर। जिले की सड़कों की खस्ता हालत पर जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने तीखे तेवर दिखाए हैं। डीएम ने कहा कि अगर देहरादून हाईवे स्थित नौगजा पीर की क्षतिग्रस्त पुल पर कोई हादसा हुआ तो एनएच के अधिकारियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। देहरादून हाईवे की सड़क को एक माह में दुरुस्त कराए जाने का अल्टीमेटम लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को दिया है।
बृहस्पतिवार को डीएम ने जनपद की सड़कों की स्थिति को लेकर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने बताया कि वह पहले भी संबंधित अधिकारियों को लापरवाही पर चेतावनी दे चुके हैं, लेकिन इस बार हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खासकर दून हाईवे पर नौगजापीर के पास स्थित क्षतिग्रस्त पुल को लेकर डीएम ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। डीएम ने कहा कि पुलिया पर कोई हादसा हुआ या किसी व्यक्ति की मौत होती है तो एनएच के अधिकारियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने दून हाईवे को एक माह के अंदर गड्ढा मुक्त करने का समय मांगा। इस पर डीएम ने एक माह का समय दिया है, लेकिन अगर एक माह में सड़कें गड्ढा मुक्त नहीं हुई तो कार्रवाई करने की चेतावनी दी। डीएम ने बताया कि सड़कों और पुलिया को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। लापरवाही क्षमा योग्य नहीं होगी। सड़कों के कार्यों की वह प्रतिदिन खुद समीक्षा करेंगे।