सरसावा (सहारनपुर)। अंबाला रोड पर खनन से भरे ट्रकों तथा डम्परों के कारण मंगलवार की रात में लगा जाम लगा 20 घंटो बाद बुधवार की शाम को पुलिस की भारी मशक्कत के बाद खुल पाया। इस दौरान सभी वाहन रेंगते हुये निकले। जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का समाना करना पड़ा।
हरियाणा की ओर से शाहजहांपुर पुलिस चौकी को पार कर यूपी में प्रवेश करने वाले खनन सामग्री से भरे ट्रक तथा तथा डम्पर क्षेत्र के निवासियों के लिए मुसीबत का कारण बन गए हैं। सैकड़ों की तादाद में आने वाले इन वाहनों के कारण राजमार्ग पर रोजाना जाम लग रहा है। वहीं हरियाणा के यमुनानगर में लकड़ी मंडी में जाने वाली ट्रालियां कोढ़ में खाज वाले हालात पैदा कर रहीं हैं। जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन शाहजहांपुर चौकी का स्टाफ इस वाहनों पर कार्यवाही करने से कतरा रहा है।
मंगलवार को मुख्यमंत्री तथा केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री के कार्यक्रम के चलते पुलिस प्रशासन ने भारी ट्रैफिक को जिले की बाहरी सीमाओं पर रोक दिया। दोनों नेताओं के जाने के बाद पुलिस ने मंगलवार की रात ट्रैफिक को खोला तो दिनभर के जमा वाहनों के चालक आगे निकलने की होड़ में सड़क जाम कर बैठे। आलम यह हुआ की हरियाणा की ओर से आने वाले खनन के वाहनों ने यमुना पुल से सरसावा तक अंबाला रोड को पूरी तरह से जाम कर दिया। वहीं जाम की रही सही कसर लकड़ी से भरी ट्रैक्टर ट्रालियों ने पूरी कर दी, जो रोजाना हजारों की तादाद में यमुनानगर लकड़ी लेकर जाती है। मंगलवार की रात को जाम में फंसे वाहन बुधवार सुबह तक रेंगकर निकलते रहे। लेकिन बुधवार को दिन निकलते ही एक बार फिर से सड़क पर खनन तथा लकड़ी से भरे वाहनों ने जाम के हालात पैदा कर दिए। जिसके बाद पुलिस ने भारी मशक्कत कर जाम खुलवाया।
मंगलवार की रात को जाम हुई सड़क बुधवार को देर शाम ही खाली हो पाई। इस दौरान स्थानीय वाहन चालकों ने आवागमन के लिये आसपास के वैकल्पिक मार्गों का सहारा। सबसे अधिक परेशानी दूर के यात्रियों को हुई जिो कई-कई घंटे जाम में फंसे रहे।
नगर के ठाठ सिंह चौधरी, राव अखलाक, सफीर आलम, रवि चौधरी, संजीव सैनी, राजवीर पंवार, अनुज शर्मा, सुनील राणा ने प्रशासन से मांग की है नगर को जाम की समस्या से निजात दिलाई जाए।