सहारनपुर। प्रमुख सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिक एवं जनपद के नोडल अधिकारी हेमंत राव ने कहा कि अपराधियों को किसी सूरत में बख्शा नहीं जाए। अपराधियों को संरक्षण देने वालों को चिह्नित उनके विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अपराध पंजीकृत कर कार्रवाई की जाए।
विकास भवन में बैठक के दौरान प्रमुख सचिव हेमंत राव ने पांच साल से अधिक चकबंदी वादों के लंबित प्रकरणों की पत्रावली की जांच के जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व को निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत शौचालय के निर्माण में धनराशि का गबन करने वाले प्रधानों के विरुद्ध आरसी जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मनरेगा में कार्य करने वाले मजदूरों का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित किया जाए। छात्रवृत्ति, विधवा, वृद्धावस्था, दिव्यांग पेंशनों की विस्तृत जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे लाभार्थियों का भौतिक सत्यापन कराएं। सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को मिलें। स्वास्थ्य विभाग को अपनी कार्य संस्कृति में बदलाव लाए। संस्थागत प्रसव के मामले में अभी भी सरकारी अस्पताल पिछड़े हुए हैं। सुविधा दिए जाने के बाद भी हम लोगों को सरकारी अस्पतालों की ओर मोटिवेट नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संस्थागत प्रसव को लक्ष्य के अनुरूप कार्य ना करने वाले चिकित्सकों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत बच्चों के नामांकन के लिए पूरी गति से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक रणनीति बनाकर राजस्व वसूली में तेजी लाई जाए। इससे पूर्व प्रमुख सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी ने थाना फतेहपुर और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस को हिदायत दी कि फरियादी की रिपोर्ट लिखने में कोई कोताही नहीं बरती जाए। जिलाधिकारी पीके पांडेय, एसएसपी बबलू कुमार, मुख्य विकास अधिकारी संजीव रंजन, नगर आयुक्त गौरव वर्मा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार, डीएफओ विजय सिंह, परियोजना निदेशक चंद्रशेखर मौजूद रहे।