सहारनपुर। जिला गन्ना अधिकारी डॉ. आरडी द्विवेदी ने कहा कि प्रमुख सचिव और गन्ना आयुक्त संजय आर भूसरेड्डी के निर्देशानुसार खेतों में खडे़ गन्ने का सर्वे करा लिया गया है। उसके अनुसार किसानों की पर्चियां जारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि खेतों गन्ना खड़ा रहने तक शुगर मिलें चलती रहेंगी।
शुक्रवार को गन्ना विकास परिषद टोडरपुर की ओर से ग्राम नागराजपुर में राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत गन्ना विकास गोष्ठी का आयोजन किया गया। डीसीओ ने किसानों को भरोसा दिलाया कि खेतों में पेराई योग्य गन्ने की उपलब्धता रहने तक शुगर मिलें चलती रहेंगी। गोष्ठी में किसानों को बेहतर गन्ना उत्पादन के गुर विशेषज्ञों द्वारा बताए गए। किसानों ने कहा कि चीनी मिल टोडरपुर कई सालों से बंद है। जिससे उन्हें अपने गन्ने को सप्लाई करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक मुर्तजा, गन्ना विकास समिति के सचिव एसपी सिंह, गन्ना विकास निरीक्षक डॉ. यशपाल सिंह आदि ने भी विचार रखे।
शिकायत पर डीसीओ ने की समीक्षा
सहारनपुर। डीसीओ डॉ. आरडी द्विवेदी ने किसानों की शिकायत को संज्ञान में लेकर शुक्रवार को चीनी मिल सरसावा के कंप्यूटर खंड की जांच की । जांच में पाया गया कि अभी तक चीनी मिल सरसावा द्वारा कराए गए खड़े गन्ने की सर्वे के अनुसार कैलेंडर की री सीड्यूलिंग नहीं की गई है। इस पर डीसीओ ने चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक चेतन शर्मा को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने शनिवार को सभी गन्ना पर्यवेक्षकों आदि की बैठक चीनी मिल में 11 बजे बुलाई गयी है। गन्ना विकास समिति सरसावा के चेयरमैन राकेश कुमार आदि रहे।