नगर निगम की जमीन पर कब्जा
कर निर्माण शुरू कराया
सहारनपुर। कमेला कॉलोनी में नगर निगम की बेशकीमती जमीन पर कब्जा कर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। मगर नगर निगम के अधिकारी मौन हैं। क्षेत्रीय लोगों ने नगरायुक्त से मिलकर इसकी शिकायत की है। साथ ही जमीन को कब्जा मुक्त कराने की मांग भी की गई है।
बुधवार को नगरायुक्त से मिले स्थानीय निवासी सलीम ने बताया कि कमेला कॉलोनी में नगर निगम की नजूल की जमीन है। इस पर राजकीय इंटर कॉलेज का निर्माण किया गया। आरोप है कि दंगे के एक आरोपी और उसके भाई ने कॉलेज निर्माण के ठेकेदार और नगर निगम के कुछ लोगों के साथ मिलकर नजूल की जमीन में से करीब 1500 वर्ग मीटर जमीन खाली रखवाई। इस पर कब्जा कर लिया गया। कई दिन से इस जमीन पर निर्माण कार्य चल रहा है। ऐसे में जमीन को कब्जा मुक्त कराना बेहद जरूरी है। यह जमीन कालेज के काम आ सकती है। नगरायुक्त गौरव वर्मा का कहना है कि नगर निगम अपनी जमीन पर किसी को भी कब्जा करने की इजाजत नहीं देगा। शिकायत की जांच कराकर जरूरी कदम उठाया जाएगा।