नानौता (सहारनपुर)। सहारनपुर रोड स्थित श्री दिगंबर जैन गुरु तीर्थ निर्मलायतन भवन में होने वाले सप्तदिवसीय पंचकल्याणक कार्यक्रम का शुभारंभ पूजा-प्रक्षाल में मंत्र उच्चारण के साथ हुआ। इस दौरान दूर-दराज से श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में पहुंचकर धर्म लाभ अर्जित किया।
पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ घटयात्रा से हुआ, जिसमें केसरिया परिधान और मुकुट पहने महिलाएं सिर पर कलश लिए चल रही थी। कार्यक्रम निर्मल सागर जी महाराज के आशीर्वाद से नयन सागर जी महाराज के सानिध्य में प्रारंभ हुआ। दुर्गापुर निवासी अनिल जैन और अमिता जैन ने ध्वजारोहण किया। मंडन उद्घाटन विश्वास नगर निवासी अनिल जैन एवं संगीता जैन ने, मंच उद्घाटन मुजफ्फरनगर निवासी मनोज जैन व वैभव जैन ने किया। दिल्ली निवासी सुरेंद्र जैन, शालीमार पार्क निवासी निर्मल स्वरूप जैन, अशोक जैन द्वारा अखंड ज्योति प्रज्वलित करते हुए 108 श्री नयन सागर जी महाराज का आशीर्वाद लिया गया।
कार्यक्रम में अपने प्रवचनों में 108 श्री नयन सागर जी महाराज ने कहा कि पंच कल्याणक पाषाण से परमात्मा बनने तक की यात्रा है जिसकी सूचना मिलना भाग्य है, अपने नगर में होना सौभाग्य है एवं शामिल होना महाभाग्य है। उन्होंने कहा कि तीन पहर धंधा एवं चार पहर सोने वाले व्यक्ति के जीवन में शांति कदापि नहीं आ सकती है। शांति के लिए प्रभु का ध्यान आवश्यक है। प्रवचनों के पश्चात श्रीजी की आरती, शास्त्र सभा एवं गुरुभक्ति की गई। शाम के समय नाटकीय मंच पर भगवान पुष्पदंत के गर्भकल्याणक को दर्शाया गया। भगवान के माता-पिता बनने का सौभाग्य दिल्ली निवासी पीके जैन एवं किरण जैन को प्राप्त हुआ।
भगवान के गर्भ में प्रवेश करते ही इंद्र का आसन कंपायन, अष्ट कुमारियों द्वारा माता की सेवा, माता द्वारा 16 स्वप्न देखे जाने को भी नाटकीय अंदाज में दर्शाया गया। शनिवार को आयोजित हुए कार्यक्रम में दूर दराज से भारी संख्या में लोग पहुंचे। इस दौरान प्रमोद जैन, स्नेह जैन, अंकुर जैन, रितु जैन, प्रवीण जैन, पूजा जैन, आशीष जैन सर्राफ, रोबिन जैन, सुभाष जैन, विशाल जैन, छोटन लाल जैन, रेखा जैन, सीमा जैन, नेहा जैन, प्रियंका जैन, मनोज जैन, पंकज जैन, मंजू जैन, कुसुम जैन, शिवानी जैन, तरुण जैन, ख्याति जैन, डोली जैन, मनोज जैन सर्राफ, जिनेंद्र जैन, निशी जैन, राकेश जैन, शुभम जैन, सुरेंद्र जैन, मंजू जैन, हिमांशु जैन, धनेंद्र जैन आदि उपस्थित रहे।
शोभायात्रा
नानौता। पंचकल्याणक कार्यक्रम के अंतर्गत 19 फरवरी को नगर के एक विशाल शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हेलीकाप्टर द्वारा शोभायात्रा पर पुष्प वृष्टि की जाएगी।