सहारनपुर। रिमाउंट डिपो एंड ट्रेनिंग स्कूल में आयोजित कोर डे का रविवार को रंगारंग कार्यक्रमों के साथ समापन हो गया। कोर डे के तहत आर्मी जवानों के बीच घुड़सवारी, टेनिस और वॉलीबाल प्रतियोगिताएं कराई गईं, जिनमें उन्होंने खूब पसीना बहाते हुए अपनी प्रतिभा को साबित करने का प्रयास किया।
हर साल आयोजित होने वाले कोर डे के तहत रविवार को रिमाउंट डिपो मैदान में विभिन्न तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। सुबह 10 बजे अधिकारी और कर्मचारी परिवार के साथ पहुंचे और सांस्कृतिक, खेलकद से जुड़ी गतिविधियों को लुत्फ उठाया। मैदान में घुड़सवारों ने बाधा दौड़ के जरिए करतब दिखाया। महिलाओं के बीच म्यूजिकल चेयर और मटका दौड़ हुईं, जिनमें महिलाओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। इसके अलावा रस्साकशी प्रतियोगिता में सेना के जवान और आम नागरिकों के बीच भी प्रतियोगिता कराई गई। अंतिम दिन आर्मी अधिकारियों और जवानों के परिवारों के बीच भी प्रतियोगिताएं हुईं। समापन पर कमांडेंट जेएस मान और डिप्टी कमांडेंट एसएस भारद्वाज ने प्रतियोगिताओं के विजेताओं को ट्रॉफी और पदक देकर सम्मानित किया। अंत में प्रतिभागियों ने अधिकारियों के बैठकर भोजन का आनंद लिया।