देवबंद (सहारनपुर)। देहात क्षेत्र के चौकीदारों ने तहसील परिसर में प्रदर्शन करते हुए सरकार से मानदेय बढ़ाने की मांग की है। इसको लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भी भेजा है।
रविवार को चौकीदारों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजे पत्र में कहा कि वर्ष 2003 में पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने ग्राम चौकीदारों का मानदेय 1500 रुपये प्रतिमाह किया था। तब से लेकर आज तक जितनी भी सरकारें आईं किसी ने भी चौकीदारों की ओर ध्यान नहीं दिया। जबकि, चौकीदारों के कर्तव्यों को देखते हुए महंगाई के दौरान में 1500 रुपये मानदेय कोई मायने नहीं रखता। उन्होंने कहा कि गांव में जब कभी भी कोई पुलिस अधिकारी जाता है तो चौकीदार अपनी ड्यूटी पर तैनात मिलता है और पुुलिस के कंधे से कंधा मिलाकर अपने कर्तव्यों को पूरा करता है। उन्होंने कहा कि राजस्थान समेत अन्य राज्यों में चौकीदार का मानदेय 11 हजार, 15 हजार और 16 हजार रुपये तक है। जबकि उन्हें जो मानदेय मिल रहा है उससे महंगाई के दौर में परिवार का पालन पोषण करना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से चौकीदारों के हितों को ध्यान में रखते हुए मानदेय बढ़ाए जाने की मांग की है।