सहारनपुर। महानगर की जल निकासी के लिए शासन से 40.26 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। शासन ने पहली किस्त के रूप में 14.09 करोड़ रुपये जारी भी कर दिए हैं।
बरसात के दिनों में महानगर के कई क्षेत्रों में जलभराव की समस्या रहती है। खासकर पांवधोई नदी और ढमोला नदी की तटीय कॉलोनियों में बाढ़ जैसे हालात बन जाते हैं। समस्या को देखते हुए जन प्रतिनिधियों ने शासन से समस्या के स्थाई समाधान की मांग की थी। नगर विधायक राजीव गुंबर ने बताया कि उन्होंने नगरीय निकाय निदेशालय में पत्र लिखा था। साथ ही महापौर डॉ. अजय कुमार के द्वारा भी इस संबंध में प्रयास किए गए। नतीजा, शासन ने 40.26 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की है। पहली किस्त जारी कर दी गई है। पूरी प्लानिंग के तहत काम होना है, जिससे शहर को जलभराव और बाढ़ से बचाया जा सके।
पहले जारी हो चुकी धनराशि
बाढ़ का कारण बनने वाली ढमोला नदी की सफाई और इसके तटों के सुदृढीकरण के लिए शासन ने करीब 15 दिन पहले ही दस करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है, जिसमें से करीब साढ़े चार करोड़ रुपये जारी भी किए जा चुके हैं। इसके अलावा नगर निगम जलभराव की समस्या से निपटने के लिए भी क्रेगी नाले के लिए नौ करोड़ रुपये की व्यवस्था कर चुका है।
सीएंडडीएस को करना है सर्वे
महानगर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए सैटेलाइट से शहर का सर्वे होना है। इसकी जिम्मेदारी सीएंडडीएस को मिली हुई है, लेकिन अभी तक सर्वे का कार्य शुरू नहीं हो सका है। वह भी इसी से जुड़ा माना जा रहा है।