गागलहेड़ी। सावन मास में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने सोमवार को कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया और यूपी-उत्तराखंड सीमा से लेकर हरियाणा सीमा तक 40 अस्थायी कांवड़ पुलिस चौकियां स्थापित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी यूपी-उत्तराखंड सीमा स्थित काली नदी पुलिस चौकी पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि काली नदी पुलिस चौकी से लेकर सरसावा थाना क्षेत्र के अंतर्गत हरियाणा सीमा तक प्रत्येक दो किलोमीटर की दूरी पर कांवड़ पुलिस चौकी स्थापित की जाए। उन्होंने बताया कि यूपी-उत्तराखंड सीमा से नौ गजा पीर तक आठ कांवड़ पुलिस चौकियां बनाई जाएंगी, जबकि पूरे कांवड़ मार्ग पर कुल 40 चौकियां स्थापित होंगी।
एसएसपी ने कहा कि प्रत्येक कांवड़ पुलिस चौकी अपने दो किलोमीटर के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जिम्मेदारी निभाएगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक कांवड़ पुलिस चौकी पर एक उपनिरीक्षक (एसआई), दो आरक्षी तथा दो महिला आरक्षी सहित कुल पांच पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। इनकी तैनाती पुलिस मुख्यालय से की जाएगी।