जिले में 4.38 लाख बच्चों को दी जाएगी विटामिन-ए की खुराक
सहारनपुर। बाल स्वास्थ्य पोषण माह के तहत जनपद के चार लाख 38 हजार 356 बच्चों को विटामिन-ए की खुराक दी जाएगी। यह खुराक नौ माह से पांच वर्ष तक के बच्चों को दी जाएगी। अभियान की शुरुआत अपर निदेशक (स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण) डॉ. अनीता जोशी ने रिवेंपिंग केंद्र नेहरू मार्केट से की।
डॉ. जोशी ने कहा स्वास्थ्य विभाग की ओर से विटामिन-ए की खुराक का लाभ अंतिम बच्चे तक भी पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा वीएचएनडी वाले दिन दो वर्ष तक के बच्चों को विटामिन-ए की खुराक दी जाए। शेष तीन से पांच वर्ष तक के बच्चों को वीएचएनडी का अतिरिक्त सत्र आयोजित कर विटामिन-ए की खुराक पिलाए। अभियान में कोविड-19 की शर्तों का पालन करें। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सुनील कुमार वर्मा ने शत प्रतिशत टीकाकरण करने की बात कही। इसमें जिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. आभा वर्मा, डॉ. संजय यादव, अरविंद कुमार, पवन कुमार, डॉ. मुनव्वर हसन आदि रहे।
विटामिन-ए की कमी के दुष्प्रभाव
विटामिन-ए की कमी से बच्चों में अंधापन, आंखों में सूखापन, बालों का रूखापन, सूखी त्वचा, बार-बार सर्दी जुकाम लगना, थकान, कमजोरी, नींद न आना, रतौंधी, निमोनिया और वजन में कमी होने जैसी परेशानी आ सकती हैं।
विटामिन-ए की भरपाई को यह करें
विटामिन-ए की भरपाई करने के लिए अंडा, दूध, गाजर, पीली या नारंगी सब्जियां, पालक, पपीता, दही, सोयाबीन और दूसरी पत्तेदार हरी सब्जियां का सेवन करने की सलाह दी। छोटे बच्चों में विटामिन-ए की कमी दूर करने का मां के दूध से बेहतर कोई विकल्प नहीं है।