सहारनपुर। जनपद में योजनाओं से वंचित 350 दिव्यांगजनों को सहारा मिलेगा। होली के बाद इन दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल वितरित और अन्य उपकरण दिए जाएंगे। इसके लिए दिव्यांगजनों ने पंजीकरण कराया था।
प्रथम चरण में शहरी क्षेत्र के अलावा जनपद के विकास खंड बलियाखेड़ी, पुवांरका, मुजफ्फराबाद, सढ़ौली कदीम, सरसावा, नकुड़, गंगोह, नानौता, रामपुर मनिहारान, देवबंद, नागल क्षेत्र में शिविर लगाकर दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग ने तमाम योजनाओं का लाभ दिव्यांगजनों को दिलाया था। इसके दूसरे चरण में दिव्यांगजनों का पंजीकरण किया गया। इसके तहत 350 दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल दी जाएगी। इसके अलावा 100 से अधिक दिव्यांगजनों को कान की मशीन के अलावा अन्य उपकरण भी दिए जाएंगे। दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के उपनिदेशक अभय श्रीवास्तव ने बताया कि होली के बाद दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल वितरित की जाएंगी। इसके लिए 350 दिव्यांगजनों ने पंजीकरण कराया है, जिनके लिए ट्राई साइकिल मंगवा ली गई। इसके बाद भी अगर कोई लाभार्थी छूट जाए तो शासन से बजट मंगवाकर उसे योजना का लाभ दिलवाया जाएगा। शासन की प्राथमिकता है कि दिव्यांगजनों को तत्काल प्रभाव से लाभ दिया जाए।