देवबंद (सहारनपुर)। भीम आर्मी के कार्यक्रमों में जमीयत उलमा-ए-हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी के प्रतिनिधि के तौर पर संदेश लेकर जाने वाले मौलाना मुफ्ती अहमद गौड़ ने शनिवार को भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर उर्फ रावण से मुलाकात की। इस दौरान चंद्रशेखर ने शीघ्र ही मौलाना मदनी से मिलने की बात कही।
दो दिन पूर्व जेल से रिहा हुए भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर से मुलाकात करने पहुंचे मजलिस इत्तेहाद-ए-मिल्लत के प्रदेशाध्यक्ष मुफ्ती अहमद गौड़ ने बताया कि चंद्रशेखर ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया और उनकी रिहाई को लेकर किए गए आंदोलन में मौलाना अरशद मदनी के साथ के लिए उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि मौलाना मदनी के संदेशों के चलते ही प्रदेश में गठबंधन हुआ और उसी का असर है कि आज वह जेल से रिहा हुए हैं। मुफ्ती अहमद ने बताया कि चंद्रशेखर ने शीघ्र ही मौलाना मदनी से मुलाकात करने की इच्छा भी जताई है। चंद्रशेखर की रिहाई को लेकर भीम आर्मी द्वारा किए गए आंदोलन में मौलाना अरशद मदनी ने अपना समर्थन दिया हुआ था। हर कार्यक्रम में मदनी मुफ्ती अहमद गौड़ के माध्यम से अपना संदेश भेजते रहे हैं।