देवबंद (सहारनपुर)। सहारनपुर मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर घोड़ों की रेस को रोकने पहुंचा एक दरोगा उनके पीछे दौड़ते समय गिरकर घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। इस दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।
सोमवार को सहारनपुर मुजफ्फरनगर हाईवे स्थित जामिया तिब्बिया मेडिकल कालेज के सामने कुछ लोग घोड़ों को दौड़ा रहे थे। जब इसकी जानकारी पुलिस को लगी तो एसआई धर्मराज सिंह वहां पहुंचे और उन्हें रोकने का प्रयास करने लगे। उनके पीछे दौड़ते समय धर्मराज नीचे गिर गए। जिसमें उनके घुटने में चोट आई है। जिसके बाद खानकाह चौकी प्रभारी साजिद अली वहां पहुंचे और उन्होंने एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। जबकि एक फरार हो गया। फरार हुआ व्यक्ति मोहल्ला कोहला बस्ती का रहने वाला है वो ही हार जीत पर घोड़ों की रेस करा रहा था। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए दबिश भी दी, लेकिन वह हाथ नहीं आ सका। बता दें कि इस समय कांवड़ यात्रा चल रही है और इस हाईवे से भी भारी संख्या में शिवभक्त गंगाजल लेने के लिए हरिद्वार जा रहे हैं। शिवभक्तों के साथ कोई अनहोनी न हो इसको लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।