सहारनपुर। डॉ. अजय वालिया ने कहा कि होम्योपैथी में असाध्य रोगों को जड़ से खत्म किया जा सकता है। मंगलवार की देर रात जीपीओ रोड स्थित एक होटल सभागार में ग्रेजुएट्स होम्योपैथिक डॉक्टर्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित डॉ. हैनीमेन के 264वें जन्म दिवस समारोह में जनपद के अन्य होम्योपैथी चिकित्सकों ने भी अपने अनुभवों और होम्योपैथ की नई चिकित्सा पद्घति पर अपनी बात रखी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद राघव लखनपाल शर्मा तथा जिला होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश चंद्रा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। डॉ. महेश शर्मा और डॉ. पीडी गर्ग ने होम्योपैथी के विभिन्न आयामों पर विस्तार से अपनी बात रखी। डॉ. चक्रेश कुमार ने डॉ. हैनीमेन के जीवन दर्शन के बारे में बताया। डॉ. बलजीत मनचंदा ने होम्योपैथ के क्षेत्र में हो रहे नए-नए शोध और निष्कर्ष पर विस्तार से अपनी बात रखी। डॉ. संजय शर्मा ने कहा कि अनेक गंभीर बीमारियां ऐसी हैं, जिनका होम्योपैथिक दवाओं से जल्दी और जड़ से खत्म किया जा सकता है। डॉ. मणिक बत्रा ने होम्योपैथिक दवाओं से कैंसर के इलाज पर प्रकाश डाला। इस मौके पर डॉ. शिशिर भारद्वाज, डॉ. संदीप टक्कर, डॉ. अजय सैनी, डॉ. नीरू शर्मा, डॉ. बलजिंदर कौर, डॉ. पूनम यादव, डॉ. हरीश मनचंदा, डॉ. मनोज सिंघल, डॉ. प्रवीन कुमार, डॉ. रोहन मनचंदा, डॉ. संदीप पसरीचा, डॉ. संजय शर्मा, डॉ. शमशाद अहमद, डॉ. विवेक यादव, डॉ. एसके जैन आदि मौजूद रहे।
अजय अध्यक्ष और संदीप सचिव बने
डॉ. हैनीमेन के जन्मोत्सव समारोह में ग्रेजुएट्स होम्योपैथिक डॉक्टर्स एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का भी गठन किया गया। इसमें डॉ. अजय वालिया को अध्यक्ष, डॉ. संदीप टक्कर को सचिव, डॉ. बलजीत मनचंदा को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया। मौजूद डॉक्टर्स ने नए पदाधिकारियों को बधाई दी।