सहारनपुर। कोर्ट रोड पर बस से उतरते समय पांच दिन पूर्व दूसरी बस की चपेट में आकर घायल हुए युवक की दिल्ली के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक के भाई ने बस चालक के खिलाफ सदर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हनुमान नगर निवासी जितेंद्र सैनी के अनुसार 12 मार्च को उसका भाई प्रकाश सैनी अपने दोस्त दीपक जैन के साथ शामली से रोडवेज बस से आया था। कचहरी चौक पर वह रोडवेज से दोनों उतर रहे थे। उसी दौरान रोडवेज की दूसरी बस भी आ गई और ओवरटेक करने का प्रयास किया। जिसके चलते वे दोनों बसों के बीच आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से प्रकाश सैनी की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। तब से प्रकाश का दिल्ली के अस्पताल में ही उपचार चल रहा था। उपचार के दौरान शुक्रवार की सुबह प्रकाश की मौत हो गई। इस संबंध में जितेंद्र सैनी ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ सदर कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई है।