बेहट (सहारनपुर)। नगला खुर्द के ग्रामीणों ने डीएम से शिकायत की है कि उनके गांव में स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों पर वजन दिवस के अवसर पर ताला लटका रहा, जिससे सरकार के इस कार्यक्रम का आयोजन नहीं हो पाया। ग्रामीणों ने डीएम से मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
विकासखंड मुजफ्फराबाद क्षेत्र के गांव नगला खुर्द निवासी मोहम्मद इकराम, सुलेमान, मोहम्मद इकबाल, नफीस, सचिन आदि ने डीएम से शिकायत की, कि उनके गांव में दो आंगनबाड़ी केंद्र हैं, जिन पर 24 अक्तूबर को वजन दिवस होना था, लेकिन इस दिन आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताला लटका रहा। पुन: 27 अक्तूबर को वजन दिवस कराने के निर्देश आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दिए गए थे, लेकिन 27 अक्तूबर को भी आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताला लटका रहा, जो शासनादेश का खुला उल्लंघन है। सरकार बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर विभिन्न योजनाओं चला रही है, लेकिन उनका लाभ बच्चों को नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों ने डीएम से आरोपी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। 190 केंद्रों में से मात्र 20 केंद्रों पर ही वजन दिवस हो पाया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाएं हड़ताल पर है। रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जो शासन को प्रेषित की जाएगी।
अनिता सोनकर, बाल विकास परियोजना अधिकारी मुजफ्फराबाद