बीकॉम, बीएससी और एमए के दाखिले आज
सहारनपुर। जेवी जैन कॉलेज में स्ववित्त पोषित योजना के तहत संचालित एमए, बीकॉम, बीएससी और बीएससी (कंप्यूटर साइंस) प्रथम वर्ष की दूसरी ऑपन मेरिट के तहत दाखिले के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के दाखिले आज सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक होंगे। इसके अलावा एलएलबी प्रथम वर्ष की यूनिवर्सिटी द्वारा जारी दूसरी मेरिट के दाखिले 25 अगस्त की सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक होंगे। कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. पीके वार्ष्णेय ने बताया कि उक्त कक्षाओं की फीस केवल डेबिट और क्रेडिट कार्ड से स्वाइप द्वारा ही स्वीकार की जाएगी। दाखिले के लिए मेरिट में अंकित सभी अभ्यर्थियों को डेबिट या क्रेडिट कार्ड के साथ ही दाखिला लेने के लिए पहुंचने को कहा गया है।
सांध्य कालीन कक्षाएं शुरू कराने की मांग
सहारनपुर। महाराज सिंह कॉलेज के विद्यार्थी छात्र नेता राजन सिंह राणा के नेतृत्व में सांध्य कालीन कक्षाओं की मांग करने कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। बताया कि जनपद के कॉलेजों में स्नातक की सीटें काफी कम संख्या में हैं। ऐसे में हजारों विद्यार्थी प्रत्येक वर्ष दाखिले से वंचित रहकर पढ़ाई छोड़ रहे हैं। जबकि अनेक छात्रों को पढ़ाई जारी रखने के लिए पलायन करना पड़ता है। मगर यदि सांध्य कालीन कक्षाएं शुरू कर दी जाएं तो हजारों विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा। कक्षाएं शुरू न होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी। मिलने वालों में आकाश शर्मा, श्यामलाल सैनी, रोहित राणा, शुभम गोयल, नितिन सैनी, हर्ष शर्मा, तमन्न, अरुण राणा, दीपक सैनी, गौरव राणा आदि शामिल रहे।