सहारनपुर। ऑफिसर कालोनी निवासी एक युवती को एक महिला ने फोन कॉल कर इनाम में गाड़ी निकलने का झांसा दिया। कॉल करने वाली महिला ने इसके बदले कई बार में लगभग 29 हजार रुपये खाते में डलवा लिए। संदेह होने पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के दिल्ली रोड स्थित ऑफिसर कॉलोनी के निवासी अंजली गौड़ के पास 22 नवंबर की रात मोबाइल पर कॉल आई। जिसमें कॉल करने वाली महिला ने एक शापिंग साइट में लकी ड्रा के द्वारा उसका साढ़े 12 लाख का इनाम निकलने की बात कहते हुए रजिस्ट्रेशन के लिए खाते में 3500 रुपये जमा कराने को कहा। जिस पर उसने महिला के बताए खाते में अपने भाई सौरव के खाते से 3500 जमा करा दिए। फिर उसी महिला ने कॉल कर अपना व्यक्तिगत नंबर बताकर एक फोन नंबर भी उसे देते हुए पैन कार्ड एवं आधार कार्ड का नंबर भी नोट कराया और फिर तीसरी बार कॉल कर कहा कि उसकी गाड़ी निकली है। इसे पाने के लिए उसे साढ़े 15 हजार जमा कराने पड़ेंगे। जिस पर उसने अपनी भतीजी के खाते से बताए गए खाते में साढ़े 15 हजार रुपये जमा करा दिए। इसके बाद फिर कहा कि गाड़ी जमशेदपुर से भेजी जा रही है। ड्राइवर का फोन नंबर भी उसे दिया और चालक एवं पेट्रोल के खर्च के नाम पर 10 हजार भी खाते में जमा करवा लिए। कुछ समय बार फिर कॉल आई और कहा कि झारखंड की सीमा पर गाड़ी को पुलिस ने रोक लिया है। यही नहीं एक सिपाही से भी उसकी बात कराई। जिसने एनओसी के बदले साढ़े 18 हजार रुपये जमा कराने को कहा। जिस पर उसे संदेह हुआ और जब उसने गाड़ी लेने से इंकार करते हुए अपने जमा कराए गए 29 हजार वापस मांगे। जिस पर कॉल करने वाले ने पैसे वापसी के लिए भी खाते में पांच हजार रुपये जमा कराने के लिए कह दिया। अंजली गौड़ ने सदर कोतवाली में कॉलर आईडी के आधार पर एक महिला के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।