नाम वापसी के बाद मुजफ्फराबाद ब्लाक में प्रधानी के सौ पदों के लिए 853 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं। इस ब्लाक में 133 उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस लिए हैं। साढ़ौली कदीम में प्रधानी की 84 सीटों पर 542 उम्मीदवार चुनावी समर में हैं। यहां 153 ने अपने नाम वापस लिए हैं।
नाम वापसी के लिए दोनों विकासखंडों पर सुबह से ही काफी गहमागहमी रही। अपने अपने पक्ष में नाम वापस कराने के लिए जोड़ तोड़ का गणित चलता रहा। मुजफ्फराबाद ब्लाक में प्रधानी की सौ सीटों के लिए 995 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। इनमें से जांच के दौरान नौ को रद कर दिया गया था।
शुक्रवार को 133 के नाम वापस लेने के बाद चुनाव मैदान में 853 प्रत्याशी रह गए हैं। इन्हें देर शाम तक चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए गए। चुनाव चिन्ह लेने के साथ ही प्रत्याशियों ने गांवों में पहुंच कर अपना प्रचार भी शुरु कर दिया।
इस ब्लाक में नाम वापसी के बाद बादशाहपुर, भाखरोड़, समसपुर, जेतपुर खुर्द में दो-दो प्रत्याशी ही चुनाव मैदान में बचे हैं। जबकि मुजफ्फरपुर, जीवाला अहतमाल और रायपुर कलां में तीन-तीन प्रत्याशी चुनावी समर में हैं।
साढौली कदीम विकासखंड में 84 सीटों के लिए सात सौ नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। पांच रद्द हो गए तथा 153 ने नाम वापस ले लिया। इसके बाद यहां 542 प्रत्याशी चुनाव मैदान में बचे हैं।
जबकि ग्राम पंचायत सदस्यों के 1042 पदों के लिए केवल 1477 ने नामांकन किया था जिसमें से जांच के दौरान 63 रद हो गए और 44 ने नाम वापस ले लिया। यहां 1370 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। ऐसे में ज्यादातर सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन की स्थिती पैदा हो गई है।