सहारनपुर। जनपद के 1700 तथा मंडल के 2837 खिलाड़ी मेरठ के सलावा में खेल विश्वविद्यालय के शिलान्यास के गवाह बनेंगे। जनपद के खिलाड़ी प्रात: आठ डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम से बसों के द्वारा मेरठ के लिए रवाना होंगे। खिलाड़ियों के जाने और आने से लेकर खाने तक की व्यवस्था की गई है। रविवार यानि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेरठ के खेल विश्वविद्यालय का शिलान्यास करेंगे।
प्रभारी क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी प्रेम कुमार ने बताया कि रविवार को मेरठ में खेल विश्वविद्यालय का शिलान्यास होना है, जो पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए बड़ी सौगात है। मंडल के खिलाड़ियों को कार्यक्रम में शामिल करने के लिए कहा गया है। सहारनपुर जनपद से विभिन्न खेलों के 1700 खिलाड़ी और प्रशिक्षक मेरठ जाएंगे, जिनके लिए 35 बसों की व्यवस्था की गई है। इसी प्रकार मुजफ्फरनगर के 937 खिलाड़ी और प्रशिक्षक जाएंगे, जिनके लिए 21 बसों तथा शामली के 200 खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के लिए छह बसों की व्यवस्था की गई है। शिलान्यास के तुरंत बाद खिलाड़ी वापस अपने जनपद लौटेंगे। खिलाड़ियों को सफर में या कार्यक्रम स्थल पर किसी तरह की परेशानी ना हो। इसके लिए प्रशिक्षकों की जिम्मेदारी तय की गई है।