सहारनपुर। जनपद के 2.81 लाख किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 19वीं किस्त मिलेगी। इसके लिए कृषि विभाग ने किसानों का डेटा भेज दिया है।
दरअसल, सरकार किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत छह हजार रुपये प्रतिवर्ष देती है। इसे दो-दो हजार रुपये की तीन किस्तों में किसानों के बैंक खातों में भेजा जाता है। जनपद में 343887 किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लिए पंजीकृत हैं।
इनमें से करीब 2.81 लाख किसान ही इस योजना के मानकों पर खरे उतरते हैं। पिछले दिनों ने शासन ने इस योजना के लाभार्थियों के लिए फार्मर रजिस्ट्री कराने की अनिवार्यता कर दी थी।
इसके बाद गांव-गांव शिविर लगाकर फार्मर रजिस्ट्री बनाई।
अब तक 79626 किसानों की ही फार्मर रजिस्ट्री बन सकी हैं। कई जनसुविधा केंद्रों पर सर्वर के धीमा रहने और कई बार ठीक से नहीं चलने के कारण किसान अपनी फार्मर रजिस्ट्री नहीं करा पाए हैं। इसलिए फार्मर रजिस्ट्री हुए बिना भी सभी पात्र किसानों को सम्मान निधि की 19वीं किस्त उनके बैंक खाते में भेजी जाएगी। इसके लिए कृषि विभाग ने 2.81 लाख का डेटा सत्यापित करके भेज दिया है।