सहारनपुर। एक ही दिन में चेन लूट की दो वारदातों को अंजाम देने वाले लुटेरों पर एसएसपी ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। लुटेरों ने सोमवार को लिंक रोड पर और मंदाकिनी विहार में महिलाओं से चेन लूट की वारदातों को अंजाम दिया था।
सहारनपुर में चेन स्नैचर बेखौफ वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। सोमवार को ही चेन लुटेरों ने दो वारदातों को अंजाम दिया। सदर कोतवाली के गलीरा चौक निवासी श्वेता अपने बीमार बेटे का उपचार कराने के लिए नगर कोतवाली क्षेत्र के एक चिकित्सक के यहां पर लिंक रोड पर गई थी। जहां दोपहर लगभग 12 बजे मौका पाते ही बाइकर्स ने महिला के गले से चेन लूट ली और फरार हो गए। महिला ने शोर भी मचाया और लोगों ने लुटेरों को तलाश भी किया, लेकिन आरोपी किसी के हाथ नहीं आ सके। पुलिस के अनुसार उन्हीं बदमाशों ने सदर कोतवाली के न्यू आवास विकास स्थित मंदाकिनी विहार में ऋतु जैन के गले से चेन लूट की वारदात को अंजाम दिया। जिनकी सीसीटीवी फुटेज पुलिस ने निकलवा ली और जारी कर दी। उनकी पहचान भी कराई जा रही है।
पुलिस के हाथ न आते देख एसएसपी दिनेश कुमार ने चेन स्नैचर बाइकर्स गैंग पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। उन्होंने चेन स्नैचर की सूचना देने वाले को 25 हजार रुपये का इनाम दिए जाने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि जारी की गई फुटेज से आरोपियों की पहचान होने की उम्मीद है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
त्रिनेत्र एप से होगी बदमाशों की पहचान
सहारनपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र में पेपर मिल फाटक के निकट देशी शराब के ठेके पर रविवार रात सेल्समैन को घायल कर 73 हजार रुपये की हुई लूट के मामले में पुलिस के हाथ अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस की टीमें मामले की जांच कर रहीं हैं। अब पुलिस त्रिनेत्र एप के माध्यम से अपराधियों को तलाश कर रही है।
सदर कोतवाली क्षेत्र में रविवार रात चार बदमाशों ने तमंचों से आतंकित कर सेल्समैन से 73400 रुपये लूट की वारदात को अंजाम दिया था। बदमाशों ने विरोध करने पर सेल्समैन जयनारायण शर्मा को तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया और तमंचे लहराते हुए फरार हो गए थे। पुलिस को इस मामले में अभी तक कोई सुराग हाथ नहीं लग सका है।
लेकिन अब पुलिस ने सेल्समैन के माध्यम से लुटेरों का स्केच तैयार कराया है। इस स्केच को पुलिस ने त्रिनेत्र नाम के तैयार किए गए एप पर लोड कर बदमाशों से मिलान कर रही है। यही नहीं चेन स्नैचर के चेहरों को भी एप के माध्यम से पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। बताया जा रहा है इस एप में प्रदेश भर के लगभग 70 हजार अपराधियों के फोटो एवं पूरा ब्यौरा दर्ज है। यह एप लोड किए गए फोटो को स्कैन कर अपराधियों के चेहरों से मिलान करता है। जिससे अपराधी की पहचान करने में आसानी हो जाती है। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि बदमाशों को तलाश किया जा रहा है। हालांकि अभी तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका है। लेकिन शीघ्र ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
चैन स्नेचर के स्केच पुलिस ने किये जारी- फोटो : SAHARANPUR