सहारनपुर। 23 अगस्त से शुरू होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा की 25 सेक्टर मजिस्ट्रेट निगरानी करेंगे। प्रत्येक केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रहेगी। पुलिस विभाग ने केंद्रों पर सीओ, निरीक्षक, उप निरीक्षक और सिपाहियों की ड्यूटी लगा दी है। वहीं, परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है, ताकि परीक्षा में असुविधा न हो।
दरअसल, 23, 24, 25, 30 और 31 अगस्त को होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए जिले में 25 केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 1,08,720 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा दो पाली में होगी। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली अपराह्न तीन से पांच बजे तक आयोजित की जाएगी। दो नोडल अधिकारी, 25 सेक्टर और 25 स्टेटिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में परीक्षा संपन्न होगी। इनके अलावा प्रत्येक केंद्र पर दो उप निरीक्षक, छह हेड कांस्टेबल, दो महिला सिपाहियों की तैनाती रहेगी। एक उप निरीक्षक दो कांस्टेबल हर केंद्र पर सीसीटीवी कंट्रोल रूम में रहेंगे। एक सीओ, एक उप निरीक्षक और चार सिपाही की जनपदीय कंट्रोल रूम में ड्यूटी लगाई गई है। हर दिन दो पाली की परीक्षा में 20 हजार से अधिक अभ्यर्थी बैठेंगे। प्रदेश के अन्य जिलों के अलावा दूसरे राज्यों से भी पांच हजार से अधिक अभ्यर्थी जिले में परीक्षा के देने के लिए पहुंचेंगे। इन्हें कोई परेशानी न हो, इसलिए पुलिस-प्रशासन की तरफ से पूरी तैयारी कर ली है। होटल, ढाबा मालिकों से कहा गया कि वह निर्धारित रेट से ज्यादा चार्ज न करें।
-
परीक्षा केंद्रों पर कड़ी रहेगी सुरक्षा व्यवस्था
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। ड्यूटी आवंटन कर दिया है। इसके अलावा रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी पुलिस बल तैनात रहेगा। अभ्यर्थियों को कोई परेशानी न हो, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था के सारे बंदोबस्त कर लिए गए हैं। होटल, ढाबा मालिकों को निर्देश दे दिए गए हैं।