सहारनपुर। मंडलायुक्त एवी राजमौलि ने मंडल के तीनों जिलाधिकारियों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को कोरोना मरीजों के संपर्क में आए लोगों की जांच में गंभीरता लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमित पाए गए व्यक्ति के संपर्क में आने वाले कम से कम 25 लोगों की कोरोना जांच कराई जाए। वह बृहस्पतिवार को अपने कैंप कार्यालय पर कोरोना को लेकर मंडलीय समीक्षा बैठक ले रहे थे।
उन्होंने कहा कि कोविड अस्पतालों को पूरी तरह तैयार हालत में रखा जाए, जिससे जरूरत पड़ने पर अस्पताल का इस्तेमाल किया जा सके। उन्होंने कहा कि किसी भी जनपद में ऑक्सीजन की कमी न रहने पाए। कंट्रोल रूम को पूर्ण रूप से क्रियाशील रखा जाए तथा पॉजिटिव पाए गए लोगों से दिन में कम से कम दो बार कंट्रोल रूम के दूरभाष पर वार्ता कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली जाए। होम आइसोलेशन में रह रहे किसी व्यक्ति की स्थिति गंभीर होने की स्थिति में उसे तत्काल कोविड हॉस्पिटल में भर्ती कराया जाए। उन्होंने जनपद के कंट्रोल रूम में ही प्रतिदिन जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्साधिकारी, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज बैठक कर वर्तमान परिस्थितियों के परिप्रेक्ष्य में अगले दिन की कार्ययोजना बनाकर उसे क्रियान्वित कराने के निर्देश दिए, साथ ही कंटेनमेंट जोन की व्यवस्था पुन: चालू कर सर्विलांस को प्रभावी करने के भी निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी सहारनपुर अखिलेश सिंह, जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर, जिलाधिकारी शामली, एसएसपी सहारनपुर, एसएसपी मुजफ्फरनगर एवं शामली, मुख्य विकास अधिकारी सहारनपुर प्रणय सिंह और मुख्य विकास अधिकारी मुजफ्फरनगर आलोक यादव सहित अनेक अधिकारी मौजूद रहे।
लोगों को जागरूक करने के निर्देश
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी कार्यालयों, पुलिस थानों, चौकियों, सार्वजनिक स्थलों और धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकर से लोगों को कोविड से बचाव के लिए जागरूक किया जाए। प्रथम पंक्ति के कर्मचारियों का तत्काल टीकाकरण कराने के भी निर्देश दिए। साथ ही बाहर से आने वालो लोगों की रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर ही कोरोना जांच कर लेने के निर्देश दिए गए।
पालन न करने वालों पर हो कार्रवाई
मंडलायुक्त ने कोरोना से बचाव के लिए मास्क लगाने की अनिवार्यता को सख्ती से लागू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर बिना मास्क के आने वालों पर कार्रवाई की जाए और जुर्माना वसूला जाए।