सहारनपुर। परिषदीय विद्यालयों में कक्षा एक से आठ तक की कक्षाओं में नामांकन चल रहे हैं। एक अप्रैल से चल रहे नामांकन में अभी तक यानी 28 दिन में 25,691 दाखिले हो चुके हैं और नामांकन की प्रक्रिया अभी जारी है। खास बात यह है कि जिन विद्यालयों में नामांकन की प्रक्रिया धीमी है, वहां के प्रधानाध्यापकों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी जा रही है।
जनपद में 1,438 परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय हैं। सत्र 2021-22 में इन विद्यालयों में पंजीकृत विद्यार्थियों की संख्या 2,17,313 थी। यह संख्या बीते वर्ष की संख्या से 24,000 अधिक थी, क्योंकि सत्र 2020-21 में पंजीकृत विद्यार्थियों की संख्या 1,93,000 थी। बीते वर्ष पंजीकरण बढ़ने की एक वजह मंडलायुक्त से लेकर प्रशासन के अन्य अधिकारियों का भी पंजीकरण में शामिल होना था। मंडलायुक्त ने खुद सड़कों और मलिन बस्तियों से बच्चों को पकड़कर दाखिले कराए थे। इस बार विभाग का लक्ष्य 2,17,313 के आंकड़ों को पार करने का है। यही वजह है कि विभाग पंजीकरण बढ़ाने के लिए जुटा है। वर्तमान में 2,02,000 पंजीकरण हैं, जिनमें इस साल यानी एक अप्रैल से अभी तक हुए दाखिलों की संख्या 25,691 है। पंजीकरण में गति बढ़ाने के लिए विभाग ने सख्ती की हुई है। जिन विद्यालयों में पंजीकरण की गति बेहद धीमी है वहां के प्रधानाध्यापकों को प्रतिकूल प्रविष्टि भेजी जा रही है। अभी तक करीब 13 विद्यालयों को प्रतिकूल प्रविष्टि भेजी गई है।
एडेड विद्यालयों की बैठक ली
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अंबरीष कुमार ने बृहस्पतिवार को अपने कार्यालय में एडेड प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों की बैठक अपने कार्यालय में ली। बैठक में प्रधानाध्यापक पहुंचे थे, जिनको अपने यहां कम से कम 20-20 फीसदी नामांकन बढ़ाने के निर्देश दिए गए। जनपद में कुल 38 एडेड प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय हैं, जिनमें बीते वर्ष 7,520 छात्र पंजीकृत थे। इस बार यह संख्या 9,500 से अधिक करने को कहा गया है।
परिषदीय एवं एडेड प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में बीते वर्ष रिकॉर्ड पंजीकरण हुआ था। इस बार हमारा लक्ष्य उसे पार करने का है। सबसे खास बात यह है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित ना रहने पाए। इसके लिए सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया गया है।
अंबरीष कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी।