सहारनपुर। नगर निगम के अतिक्रमण रोधी दस्ते ने शुक्रवार को रेलवे स्टेशन के बाहर अग्रसेन चौक पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान सड़क पर रखी बैंच, काउंटर और रेहड़ियां जब्त की। घंटाघर पर गांधी आश्रम के निकट भी सड़क पर फैला एक ढाबे का अतिक्रमण हटाया गया। उधर, शारदा नगर में भी नालियों पर हुए अतिक्रमण को हटाने की चेतावनी दी।
शुक्रवार को अतिक्रमण प्रभारी सुधीर शर्मा ने प्रवर्तन दल को साथ लेकर अग्रसेन चौक से अतिक्रमण हटवाया। स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण हटाते हुए सड़क पर रखे एक काउंटर, दो रेहड़ियां और चार बैंचों को जब्त कर लिया। अतिक्रमण हटाने के बाद नगर आयुक्त की ओर से एसएसपी को एक पत्र भी लिखा गया है, जिसमें अतिक्रमण न होने देने के लिए पुलिस की जिम्मेदारी तय करने को कहा गया। उधर, शारदानगर के रौनक बाजार में अतिक्रमण हटवाने को लेकर निगम अधिकारियों को आज भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। रौनक बाजार में आरसीसी की सड़क बनाई जा रही है, लेकिन नालियों पर अतिक्रमण के चलते निर्माण कार्य बाधित है। सुधीर शर्मा ने बताया कि बाजार में अनेक दुकानदारों ने नालियों तथा निगम की छोड़ी गई खाली जमीन पर निर्माण कर उन पर शटर लगा लिए हैं। दुकानदारों को तीन दिन से समझाया जा रहा है। यदि वह खुद अतिक्रमण नहीं हटाते हैं तो नगर निगम सख्ती से हटाएगा।