सहारनपुर। बेहट रोड स्थित श्री बालाजी धाम के वार्षिकोत्सव कार्यक्रमों की श्रृंखला में धूमधाम से बालाजी महाराज की शोभायात्रा निकाली गई। धार्मिक और देशभक्ति की धुनों पर श्रद्धालु झूमने को मजबूर हो गए। शोभायात्रा में विभिन्न देवी-देवताओं की झांकियां आकर्षण का केंद्र रही।
चकराता मार्ग स्थित राजकीय मैदान से श्री बालाजी सेवा समिति के तत्वावधान में निकाली गई शोभायात्रा का शुभारंभ अतुल जोशी महाराज और पूर्व विधायक राजीव गुंबर ने बालाजी महाराज, भैरव बाबा व प्रेतराज सरकार के विग्रह के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इससे पूर्व दो मिनट का मौन रखकर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी गई। शोभायात्रा में सबसे आगे धर्म ध्वज और तिरंगा व उसके पीछे बालाजी सेवा समिति का बैनर लेकर युुुवा चल रहे थे। बैंडबाजों से बज रही धार्मिक और देशभक्ति की धुनों पर श्रद्धालु नृत्य करते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा में पंचमुखी हनुमान, विष्णु भगवान, राधा-कृष्ण, शंकर पार्वती, राधा-कृष्ण की झांकियां आकर्षण का केंद्र रही। भजन मंडली महिलाएं बालाजी महाराज का कीर्तन करते हुए चल रही थी। श्रद्धालुओं द्वारा बालाजी महाराज के रथ को रस्सों से खींचा गया। मार्ग में जामा मस्जिद के प्रबंधक मौलवी फरीद, नेहरू मार्केट व्यापारी एसोसिएशन, शहीद गंज बाजार व्यापारी एसोसिएशन ने पुष्प वर्षा से शोभायात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा बेहट रोड स्थित धाम पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान महापौर संजीव वालिया, अजय सूरी, नवीन वालिया, पंकज महेंद्रा, मनीष तिवारी, प्रमोद माहेश्वरी, अरविंद जैन, आशु, योगेश, शीला विजन, अकित, अनूप आहलूवालिया, अनिल सैनी, अंजू यादव, विनोद शुक्ला, धर्मपाल, घनश्याम यादव, विवेक, मयंक जोशी उपस्थित रहे।