बेरी बाग में भवन सील करने पहुंची नगर निगम की टीम
सहारनपुर। नगर निगम की टीम दो भवनों को सील करने के लिए बुधवार को बेरी बाग पहुंची। टीम को देखकर भवन स्वामियों में हड़कंप मच गया। भवन स्वामियों ने बकाए के भुगतान के लिए दो दिन का समय मांगा। दो दिन में भुगतान नहीं होने पर कार्रवाई करने के लिए भवन सील करने की चेतावनी देकर टीम लौट गई।
नगर निगम ने 20 हजार रुपये से अधिक के गृहकर बकाएदारों की लिस्ट तैयार की है। बकाया न चुकाने वालों पर कार्रवाई के लिए नगर निगम ने राजस्व निरीक्षकों की नौ टीमें बनाई हैं। बेरीबाग में एक भवन पर एक लाख 40 हजार रुपये का बकाया होने पर नगर निगम की टीम बुधवार को भवन को सील करने पहुंची। भवन में बैंक भी संचालित हो रहा है। ऐसे में भवन स्वामी ने दो दिन का समय मांगा और भवन सील नहीं करने की अपील की। बेरीबाग में ही एक टावर पर भी बकाया होने की वजह से टावर भी सील किया जाना था। मगर वहां भी दो दिन का समय मांगा गया। इसके बाद टीम दो दिन में भुगतान नहीं होने पर कार्रवाई करने की चेतावनी देकर लौट गई। कर अधीक्षक विनय कुमार शर्मा ने बताया कि नगर निगम किसी भी सूरत में बड़े बकायेदारों के साथ रियायत नहीं बरतेगा। नगरायुक्त ने नोटिस के बाद भी बकाया नहीं चुकाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।