रोहाना टोल प्लाजा के 10 किमी दायरे वाले वाहन होंगे टोल फ्री
देवबंद। सहारनपुर-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर चलने वाले लोकल (क्षेत्रीय) वाहनों से संशोधित शासनादेश आने तक कोई टोल टेक्स नहीं लिया जाएगा। इस मुद्दे पर शनिवार को मुजफ्फरनगर में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा एपको कंपनी के अधिकारियों के मध्य हुई वार्ता के बाद सहमति बनी है। इसकी पुष्टि देवबंद विधायक ब्रिजेश सिंह ने भी की है।
गौरतलब है कि हिंदूवादी स्वाभिमान संघर्ष समिति ने विगत 3 जुलाई को टोल प्लाजा पर टोल दरें अधिक होने के विरोध में हंगामा किया था। जिस पर मुजफ्फरनगर पुलिस ने टोल अफसर की तहरीर पर बजरंग दल के पूर्व संयोजक विकास त्यागी और भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष पंकज त्यागी समेत 20-25 अज्ञात लोगों पर संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया था। रिपोर्ट दर्ज होने से खफा संघर्ष समिति ने 8 जुलाई को फिर से टोल प्लाजा पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी दे डाली थी। माचमला बढ़ता देख शनिवार को मुजफ्फरनगर में जनप्रतिनिधियों, डीएम, देवबंद व पुरकाजी के विधायक और टोल कंपनी के अधिकारियों के बीच वार्ता हुई। संघर्ष समिति ने मांग रखी कि टोल प्लाजा के पांच किमी दायरे के गांव निशुल्क व 20 किमी के गांवों के लोगों से न्यूनतम टैक्स वसूला जाए। एपको कंपनी अधिकारियों ने सरकार द्वारा शासनादेश का हवाला देकर उसकों बदले जाने की बात कही। जिस पर जनप्रतिनिधियों व डीएम ने कहा कि शासन स्तर से जल्द ही शासनादेश को संशोधित कराया जाएगा। तब तक क्षेत्रीय स्तर पर वाहनों के लिए कोई टैक्स नहीं वसूला जाएगा। समझौता वार्ता में विकास त्यागी व पंकज त्यागी पर दर्ज मुकदमा भी वापस लिए जाने का अधिकारियों ने आश्वासन दिया है। जिसके बाद समिति ने 8 जुलाई के धरना प्रदर्शन को स्थगित करने की घोषणा कर दी। विधायक ब्रिजेश सिंह ने अमर उजाला को बताया कि टोल प्लाजा के 10 किमी के दायरे में रहने वाले लोगों से अभी कोई टैक्स नहीं वसूला जाएगा। संशोधित शासनादेश आने के बाद ही उनसे टैक्स वसूला जाएगा।