देवबंद (सहारनपुर)। लिंक नहर से शुक्रवार को एक युवक का शव मिलने सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
देवबंद कोतवाली के गांव कुरड़ी निवासी राहुल उर्फ काला (24) पुत्र बाकेलाल बृहस्पतिवार को लिंक नहर में नहाने गया था। देर रात तक जब वह वापस घर नहीं लौटा तो परिजनों उसकी तलाश शुरू कर दी। लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगने पर पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने रात्रि में ही गोताखोरों की मदद से राहुल की तलाश आरंभ कर दी। शुक्रवार की सुबह पुलिस ने रुड़की लिंक नहर के फाटक का पानी बंद कराया तो दोपहर में राहुल का शव नहर के समीप स्थित कुरडी पुल के नीचे से बरामद हो गया। राहुल का शव मिलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। इसी दौरान सीओ सिद्धार्थ सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे तथा लोगों से मामले की जानकारी ली। बाद में पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। कोतवाल उमेश रोरिया ने बताया कि राहुल की मौत पानी में डूबने से हुई है। उधर, राहुल की मौत से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है।