प्रेमी संग कोर्ट पहुंची युवती, हंगामा
देवबंद। कोर्ट में प्रेमी के साथ बयान दर्ज कराने पहुंची युवती को उसी के परिजनों ने जबरन उठाने का प्रयास किया। जिसके चलते खासा हंगामा हो गया। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालते हुए मामला शांत कराया। युवती ने परिजनों पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है।
हरियाणा के यमुनानगर निवासी एक युवक का देवबंद क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती से पिछले काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ दिनों पूर्व दोनों ने घर से भागकर कोर्ट मैरिज कर ली थी। इस मामले में बुधवार को युवती प्रेमी संग कोर्ट में बयान दर्ज कराने के लिए पहुंची थी। लेकिन वहां पहले से खड़े परिजनों ने उसे दबोच लिया और जबरन उसे बाइक पर बिठाकर ले जाने लगे। इस दौरान युवक और युवती ने शोर मचा दिया। जिससे वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस बीच युवती प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी रही। जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और उन्होंने गुस्साए लोगों को शांत कर प्रेमी युगल को सुरक्षा घेरे में कोर्ट परिसर से बाहर निकाला।